उत्तरप्रदेश

ब्रजरज महोत्सव का उद्घाटन करेंगे सीएम योगी, 10 को आएंगे मथुरा

वृंदावन में दस नवंबर से शुरू हो रहे दस दिवसीय ब्रज रज उत्सव में आने का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम फाइनल हो गया है। सीएम उत्सव का उद्घाटन दस नवंबर को करेंगे। वह 3 घंटे 15 मिनट कान्हा की नगरी में रहेंगे। इस दौरान वह श्रीकृष्ण जन्मभूमि में भी दर्शन करेंगे।

वृंदावन में यमुना किनारे स्थित कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक स्थल पर दस नवंबर से 19 नवंबर तक ब्रज रज उत्सव का आयोजन होना है। 10 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इसके लिए सोमवार को मुख्यमंत्री का मिनट -टू-मिनट कार्यक्रम जारी हो गया। डीएम नवनीत सिंह चहल ने बताया कि दोपहर एक बजकर 20 मिनट पर सीएम का हेलीकाप्टर वृंदावन स्थित हेलीपैड पर पहुंचेगा। यहां से सीएम पर्यटक सुविधा केंद्र पहुंचेंगे। यहां वह संतों के साथ भोजन करेंगे। दो बजकर 10 मिनट पर वह ब्रज रज उत्सव में शामिल होंगे। उत्सव का उद्घाटन करने के साथ ही यहां लगाई गई हुनर हाट का अवलोकन करेंगे। इसके बाद यहीं पर एक जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां से मुख्यमंत्री तीन बजकर 55 मिनट पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचेंगे। यहां जन्मभूमि में कान्हा के दर्शन कर चार बजकर 35 मिनट पर आगरा के खेरिया एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। ब्रज रज उत्सव में बालीवुड कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे, वहीं स्थानीय कलाकार भी लोक कलाओं का प्रदर्शन करेंगे। यहां देश भर के हुनरमंद अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। करीब दो सौ कारीगर हुनर हाट में अपने स्टाल लगाएंगे। वहीं देशभर के हस्तशिल्पी भी उत्सव में शामिल होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button