उत्तराखण्ड

विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा- कांग्रेस को राज्य की जनता से माफी मांगनी चाहिए

कांग्रेस की ओर से की गई बयानबाजी पर भाजपा ने पलटवार किया है। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सोमवार को जो बयान दिया, उसने खुद कांग्रेस की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि जानबूझकर अफरातफरी के लिए प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक कांग्रेस लोगों को भड़काने का काम कर रही है। अपने दुष्प्रचार के लिए कांग्रेस को राज्य की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता चौहान ने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक बयान कोविड-19 के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल को तोडऩे की नसीहत देता है। कांग्रेस पहले कहती रही कि प्रवासियों को लाने का रजिस्ट्रेशन नहीं है और अपने तथाकथित ऐप का प्रचार करती रही। अलबत्ता, राज्य सरकार के पुख्ता इंतजाम के चलते पौने दो लाख प्रवासियों ने पंजीकरण करवाया, जबकि कांग्रेस 15-20 हजार का आंकड़ा बता रही थी। यहां भी कांग्रेस औंधे मुंह गिरी।

उन्होंने कहा कि अफसोसजनक ये है कि प्रवासियों लाने-ले जाने के कार्य को कांग्रेस साधारण समय में होने वाले आवागमन की तरह पेश करती रही। इतनी समझ नहीं दिखाई कि महामारी में एक एसओपी और प्रोटोकाल का पालन करना होता है। उन्होंने स्पेशल ट्रेन समेत अन्य बिंदुओं पर भी कांग्रेस को घेरा। कहा कि कांग्रेस के लोग सरकार को नसीहत देना बंद करें। सरकार ने जिस प्रभावी ढंग से कोरोना को नियंत्रित किया और राहत कार्य चला रही है, उसकी पूरे देश में सराहना हो रही है।

कांग्रेस के आरोप घिसे-पिटे

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अजेंद्र अजय ने भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह द्वारा सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों को घिसा-पिटा करार दिया। साथ ही तंज कसा कि कांग्रेस द्वारा रोज-रोज वही आरोप दोहराने से जनता बोर हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button